धर्मसिंहवा क्षेत्र के व्यक्ति ने करमैनी राप्ती पुल से लगाई छलांग, साहसी युवक संदीप ने समय रहते बचाई जान

संतकबीरनगर। धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के रैईधरपार गांव निवासी लगभग 55 वर्षीय नेबूलाल ने रविवार दोपहर करीब बारह बजे करमैनी स्थित राप्ती पुल से छलांग लगाकर अपनी जान देने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद साहसी युवक संदीप की तत्परता से समय रहते उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। जानकारी के अनुसार नेबूलाल ने बताया कि वे अकेले हैं, उनके पास राशन कार्ड नहीं है और भोजन की व्यवस्था के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है, जिससे वे काफी परेशान चल रहे थे। उल्लेखनीय है कि करमैनी राप्ती पुल पर यह पहली घटना नहीं है, इससे पूर्व 12 दिसंबर को भी इसी पुल से एक युवती द्वारा जान जोखिम में डालने का प्रयास किया गया था, उस समय भी साहसी युवक संदीप ने सूझबूझ दिखाते हुए उसकी जान बचाई थी। महज तीन दिनों के भीतर दूसरी बार ऐसी घटना सामने आने से पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार घटनाएं होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा पुल पर लोहे की जाली, स्थायी निगरानी और नियमित गश्त जैसे सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में चिंता का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से करमैनी राप्ती पुल पर जल्द ठोस सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की दुखद घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *