
संतकबीरनगर।क्रैक साइबर क्राइम अभियान के तहत थाना कोतवाली खलीलाबाद की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित को त्वरित राहत दिलाते हुए शत-प्रतिशत धनराशि वापस कराई है। पीड़ित से ठगी गई लगभग दो लाख रुपये की पूरी रकम रिकवर कर ली गई।पीड़ित रामअनुज मौर्य निवासी जंगलऊन, थाना कोतवाली खलीलाबाद के साथ 99,999 रुपये, 50,000 रुपये एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड से तथा 48,500 रुपये यूपीआई के माध्यम से साइबर फ्राड किया गया था। पीड़ित ने एक घंटे के भीतर साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई।साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई से क्रेडिट कार्ड फ्राड को तत्काल ब्लॉक कराया गया, जिससे 1,50,000 रुपये वापस मिल गए। शेष 48,500 रुपये की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई गई, जिस पर राशि होल्ड कराकर वापस कराई गई। इस प्रकार पीड़ित को संपूर्ण फ्राड की पूरी धनराशि वापस दिलाई गई।पीड़ित ने संतकबीरनगर पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या संदेश पर अपनी बैंक जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा यूपीआई पिन साझा न करें।
