गढ़वा एवं पलामू जिला उपायुक्त, एसपी, जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित स्थानीय थाना को जेजेए संस्थापक ने भेजा प्रमाण।

रांची: झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसियेशन(JJA) के नाम पर फर्जीवाड़ा एवं वसूली करने की मिल रही लगातार शिकायत को जेजेए संस्थापक शाहनवाज हसन ने गंभीरता से लेते हुए संगठन के कानूनी सलाहकार जगदीश सलूजा को कानूनी कार्रवाई के लिए अधिकृत किया है। इस संदर्भ में जगदीश सलूजा द्वारा रांची निवासी अमरकांत सिंह को एक महीने पूर्व नोटिस जारी कर उनसे संगठन के नाम का अवैध रूप से उपयोग करने पर स्पष्टीकरण मांगा था।
नोटिस का कोई जवाब नहीं मिलने के उपरांत अब सीजेएम न्यायालय में मामला दर्ज कराया जा रहा है। वहीं गढ़वा के विकास साहू नामक युवक ने गढ़वा जिला के एक निजी स्कूल संचालक सियाराम वर्मा, पूर्व इंटक नेता प्रदीप चौबे, यूट्यूबर प्रदीप कुमार सहित अन्य के विरुद्ध जेजेए का नाम लेकर धमकाने का गंभीर आरोप लगाते हुए इसकी जानकारी संगठन के संस्थापक शाहनवाज हसन को दी थी।
शाहनवाज हसन ने उपरोक्त व्यक्तियों के विरुद्ध इस अनैतिक कार्य को लेकर ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करवाने की सलाह दी थी। संगठन की सलाह पर विकास साहू द्वारा उपरोक्त व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कराया गया है। वहीं आज उन तीनों व्यक्तियों द्वारा पुनः स्वयं को JJA का पदाधिकारी बताकर विकास साहू के विरुद्ध स्थानीय थाना में लिखित शिकयत दी गई है।
इसकी जानकारी मिलते ही संगठन के संस्थापक शाहनवाज हसन ने थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार से दूरभाष पर संपर्क कर उपरोक्त व्यक्तियों के संगठन के नाम का फर्जी रूप से उपयोग करने की जानकारी देते हुए उन तीनों के विरुद्ध जालसाजी एवं धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने की बात कही है। जेजेए से निष्कासित गढ़वा, पलामू, चतरा एवं धनबाद जिला के कुछ यूट्यूबर्स एवं कॉलेज में कार्यरत चपरासी द्वारा वसूली की जा रही है जिसको लेकर जेजेए ने सभी के विरुद्ध अपराधिक मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
