शिक्षा या अत्याचार? होमवर्क न करने पर मासूम पर टूटा कहर — शिक्षक ने कथित तौर पर 105 डंडे बरसाए, शरीर पर जख्म


गोंडा। शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले स्कूल में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि कर्नलगंज क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में कक्षा 2 के 9 वर्षीय मासूम छात्र को सिर्फ होमवर्क अधूरा रहने पर शिक्षक ने बेरहमी से पीट दिया। बताया जा रहा है कि बच्चे को कथित तौर पर गिनकर 105 डंडे मारे गए, जिससे उसके पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पड़ गए।


मामला कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के गुमदहा स्थित एमआरजी पब्लिक स्कूल का बताया जा रहा है। पीड़ित छात्र अभिषेक गोस्वामी गुरुवार को स्कूल गया था, जहां शिक्षक प्रखर सिंह ने कथित तौर पर होमवर्क न करने पर आपा खो दिया और उसकी पिटाई कर दी।


घर लौटने पर बच्चे की हालत देखकर परिजन दंग रह गए। शरीर पर डंडों के गहरे निशान और सूजे हुए पैर देखकर तुरंत इलाज कराया गया। इसके बाद पिता राजप्रसाद गोस्वामी ने कर्नलगंज कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


मामला बढ़ने पर स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


यह घटना शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है — आखिर मासूम बच्चों को पढ़ाने के नाम पर कब तक ऐसा अत्याचार होता रहेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *