खोड़ारे थाना क्षेत्र के ढ़ड़वा क़ुतुबजोत गांव से लापता चारों बच्चे सकुशल बरामद, गांव में खुशी की लहर

नवयुग समाचार

गोंडा। जनपद के खोड़ारे थाना क्षेत्र अन्तर्गत ढ़ड़वा क़ुतुबजोत गांव से एक साथ लापता हुए चारों बच्चों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है तथा पूरे गांव में खुशी का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर बाद गांव के चार बच्चे अचानक लापता हो गए थे। बच्चों की उम्र लगभग 6 से 10 वर्ष के बीच बताई जा रही है। एक साथ चार बच्चों के गायब होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस टीमों को सघन तलाश अभियान के निर्देश दिए।

पुलिस ने आसपास के खेतों और संभावित स्थानों पर गहन छानबीन की। लगातार प्रयासों के बाद सरसों के खेत से चारों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे। ग्रामीणों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। फिलहाल पुलिस बच्चों से पूंछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *