अभाविप ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला स्वच्छता कर्मियों को किया सम्मानित


संतकबीरनगर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) संतकबीरनगर इकाई द्वारा रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर तितौवा क्षेत्र में खलीलाबाद नगर पालिका में कार्यरत महिला स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया। परिषद के पदाधिकारियों ने उन्हें पट्टिका पहनाकर सम्मान दिया तथा सभी स्वच्छता कर्मियों के बीच मिष्ठान वितरण कर महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर जिला सह-संयोजक गौरी पाण्डेय ने कहा कि महिलाएं आज समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। गंदगी अपने आप नहीं आती, बल्कि हम सबकी वजह से फैलती है, और उसे साफ करने की जिम्मेदारी जिन स्वच्छता वॉरियर्स के कंधों पर है, उनका कार्य अत्यंत सराहनीय है। ऐसे कर्मियों का सम्मान करना हम सबका दायित्व है।उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। भारत में मातृशक्ति का स्थान सर्वोच्च है और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सदैव अग्रणी रहा है। नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में योगदान देने वाली महिला स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित कर परिषद को गर्व की अनुभूति हो रही है।गौरी पाण्डेय ने सभी स्वच्छता कर्मियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान की नारी देश, समाज, शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे प्रत्येक क्षेत्र में अपनी क्षमता का लोहा मनवा रही है। मातृशक्ति का सम्मान करना हम सभी के लिए गर्व की बात है।इस अवसर पर स्वच्छता कर्मी राधा, मीना, आराधिका, संजू, मंजू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *