गोण्डा में गैस एजेंसी की मनमानी से उपभोक्ता परेशान, मनमाने रेट पर सिलेंडर की हो रही बिक्री

सरैया गैस एजेंसी पर मनमाने दामों पर सिलेंडर बेंचने का आरोप, वीडियो वायरल

उपभोक्ताओं का आरोप 1200 से 1300 रुपये में दिया जा रहा गैस सिलेंडर

गोण्डा। जनपद में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। शाहपुर क्षेत्र स्थित सरैया गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने घरेलू गैस सिलेंडर मनमाने दामों पर देने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि एजेंसी द्वारा सरकारी निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूल कर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर दिया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराज़गी है।


स्थानीय उपभोक्ताओं के मुताबिक एजेंसी पर घरेलू गैस सिलेंडर 1200 से 1300 रुपये तक में दिया जा रहा है, जबकि सरकारी दर इससे काफी कम बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि एजेंसी संचालक और कर्मचारियों द्वारा खुलेआम अधिक पैसे लिए जा रहे हैं और इसका विरोध करने पर उपभोक्ताओं को टालमटोल जवाब दिया जाता है। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर एजेंसी से जुड़े लोग पूरे मामले को “मैनेज” करने की बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और उपभोक्ताओं में एजेंसी के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर गैस सिलेंडर की कीमत सरकार द्वारा तय है तो एजेंसी किस आधार पर अतिरिक्त पैसे वसूल रही है। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी की मनमानी के कारण आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उपभोक्ताओं का शोषण इसी तरह जारी रहेगा। वहीं इस पूरे मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर लंबे समय से चल रही इस कथित मनमानी पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। फिलहाल क्षेत्र के उपभोक्ता प्रशासन की ओर से सख्त कदम उठाए जाने का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *