झोलाछाप डॉक्टर पर गलत दवा देने और मारपीट का आरोप, कार्रवाई की मांग

गोंडा। जिले के कौड़िया बाजार क्षेत्र के भगहरिया भगवानपुर निवासी एक युवक ने झोलाछाप डॉक्टर पर गलत दवा देने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।


पीड़ित रोहित शर्मा के अनुसार बीते 4 मार्च को पेट में तेज दर्द होने पर वह इलाज कराने के लिए सेहरिया चौराहा स्थित एक डॉक्टर के पास गए थे। आरोप है कि डॉक्टर ने बिना सही जांच के उन्हें कुछ दवाइयां दे दीं। दवा खाने के बाद उनके चेहरे पर सफेद दाग पड़ गए, हाथ सुन्न हो गया और पूरे शरीर में तेज खुजली होने लगी। रोहित का कहना है कि जब वह दोबारा डॉक्टर के पास शिकायत करने पहुंचे तो डॉक्टर ने उनकी बात सुनने के बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट कर दी।

किसी तरह वहां से निकलकर उन्होंने अपनी जान बचाई। घटना के बाद पीड़ित ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराते हुए झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि यदि ऐसे झोलाछाप डॉक्टरों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र के अन्य लोग भी इनके गलत इलाज का शिकार हो सकते हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *