स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की बैठक में योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी,
सीडीओ के न पहुंचने से चर्चा में रहा कार्यक्रम

राजा का रामपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम कैला स्थित सामुदायिक विकास भवन में सोमवार को उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ब्लॉक मिशन प्रबंधन इकाई द्वारा एक महत्वपूर्ण एवं जागरूकता परक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। यह बैठक मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा के प्रस्तावित निरीक्षण के मद्देनजर आयोजित की गई थी, जिससे कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह था।
हालांकि, जनपद स्तर के महत्वपूर्ण कार्यों में व्यस्तता के चलते सीडीओ कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उनके न पहुंचने से उपस्थित महिलाओं व ग्रामीणों में हल्की निराशा देखने को मिली और कार्यक्रम चर्चा का विषय बना रहा। सीडीओ की अनुपस्थिति में खण्ड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य एवं खण्ड विकास अधिकारी सहित उपस्थित अधिकारियों का तिलक लगाकर व पुष्प भेंट कर स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

अपने संबोधन में खण्ड विकास अधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में स्वयं सहायता समूह महिलाओं के सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन चुका है। समूहों से जुड़कर महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि समाज में अपनी अलग पहचान भी स्थापित कर रही हैं। उन्होंने लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं की आय बढ़ाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपने परिवार और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। बैठक के दौरान महिलाओं को एनआरएलएम के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं स्वरोजगार, लघु उद्योग स्थापना, बचत एवं ऋण सुविधा, बैंक लिंकिंग, डिजिटल लेन-देन तथा अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे समूह से जुड़कर बचत की आदत अपनाएं, छोटे-छोटे रोजगार शुरू करें और एक-दूसरे का सहयोग करते हुए आगे बढ़ें। जब महिलाएं सशक्त होंगी तो गांव और समाज स्वतः ही विकास की ओर अग्रसर होगा।

इस अवसर पर एडीओ आईएसबी शिव प्रताप सिंह, एडीओ कृषि जितेंद्र श्रीवास्तव, बीएमएम गंगाधर, विजय, सचिव विवेक वर्मा, गीता, प्रीति राठौर, प्रवेश कुमारी, विजय कुमारी मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, बीसी सखी, कृषि सखी एवं ब्लॉक के कर्मचारी उपस्थित रहे।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
