रामगांव, बहराइच। थाना क्षेत्र के ग्राम रेहुआ मंसूर में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय पीड़ित परिवार शादी समारोह में शामिल होने बाहर गया हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी अनूप कुमार पुत्र जवाहर लाल मिश्र 28 अप्रैल को अपने परिवार के साथ भांजी की शादी में शामिल होने चुरईपुरवा गए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ित परिवार जब देर रात करीब 12:30 बजे वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। अंदर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अनूप कुमार ने बताया कि चोरों ने उनके और उनके भाई श्रवण कुमार के कमरों से नकदी, सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवर और कीमती कपड़े चोरी कर लिए।
घटना की सूचना पर पीड़ित ने थाना रामगांव में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है।
ग्रामीण क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
