अलीगंज। क्षेत्र के ग्राम दादूपुर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 32 बीघा चारागाह भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया। इस संयुक्त अभियान के बाद जमीन को ग्राम समाज के उपयोग हेतु पुनः सुरक्षित कर दिया गया है। कार्रवाई से क्षेत्र में प्रशासनिक सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।

उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा, तहसीलदार संजय कुमार, राजस्व विभाग की टीम एवं संबंधित क्षेत्र के लेखपाल मौजूद रहे। पूर्व में चिन्हित भूमि पर पहुंचकर प्रशासन ने सीमांकन कराया और शांतिपूर्वक लेकिन सख्ती के साथ अवैध कब्जों को हटवाया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार संबंधित भूमि राजस्व अभिलेखों में चारागाह के रूप में दर्ज थी, जिस पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अभिलेखों की जांच कर कार्रवाई की योजना बनाई गई।

कब्जा मुक्त कराई गई जमीन को खंड विकास अधिकारी के सुपुर्द कर दिया गया है, ताकि इसका उपयोग ग्राम समाज के हित में किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि भूमि का उपयोग पशुओं के चरने के लिए सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
उप जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी एवं ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
— दिलीप सिंह, मंडल ब्यूरो, एटा (उत्तर प्रदेश)
