बहराइच, 08 जून। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती लिखित परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन संचालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने सोमवार को परीक्षा की द्वितीय पाली के दौरान जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक ने भर्ती परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए विभिन्न केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसान पीजी कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गेंदघर तथा आज़ाद इंटर कॉलेज, चाँदपुरा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी का बारीकी से अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हो रही है।
पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसपी ने तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया कि किसी भी अवांछनीय गतिविधि, साल्वर गैंग या नकल माफियाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि पीआरवी-112 की टीमें लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रही हैं।
जनपद में 08, 09 एवं 10 जून तक आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है।

