बहराइच मुकेरिया सड़क के ऊपर झूल रही 11 केवी लाइन, विभागीय उदासीनता से बढ़ा हादसे का खतरा


महसी, बहराइच। फीडर महसी के अंतर्गत मुकेरिया से नौवनपुरवा होते हुए गढ़वा चौराहा तक 11 केवी विद्युत लाइन कई स्थानों पर अत्यंत खतरनाक स्थिति में पहुंच गई है। सड़क किनारे एवं मार्ग के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार निर्धारित मानकों के विपरीत काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे क्षेत्र में दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।


हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE), उपखंड अधिकारी (SDO) समेत विभागीय अधिकारियों का नियमित आवागमन होता है, इसके बावजूद समस्या पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर तार इतनी कम ऊंचाई पर हैं कि यदि सड़क पर दो बड़े वाहन आमने-सामने क्रॉसिंग करें अथवा कोई ऊंचा कृषि यंत्र या लदा हुआ वाहन गुजरे, तो हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।


क्षेत्रवासियों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन विभाग की ओर से न तो निरीक्षण किया गया और न ही लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर करने का प्रयास किया गया। वर्तमान स्थिति में यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, जिससे जन-धन की भारी क्षति होने की आशंका है।


ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि मुकेरिया-नौवनपुरवा-गढ़वा चौराहा मार्ग का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर झूल रहे 11 केवी तारों को मानक ऊंचाई पर कराया जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों की होगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *