अलीगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम मिहोता में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। चार्जिंग पर लगे ई-रिक्शा में करंट उतर आने से 4 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसके बाबा भी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम मिहोता निवासी अमित की 4 वर्षीय पुत्री प्रियांशी घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान पास में चार्जिंग पर लगे ई-रिक्शा में किसी तकनीकी खराबी या वायरिंग फॉल्ट के चलते करंट दौड़ गया। खेलते-खेलते मासूम बच्ची ई-रिक्शा के संपर्क में आ गई और करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई।
बताया गया कि बच्ची को करंट लगते देख उसके बाबा सतेंद्र पुत्र सोनेलाल (32 वर्ष) उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मासूम प्रियांशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं सतेंद्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतका की परिजन मनीषा देवी ने बताया कि ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगा हुआ था, तभी उसमें करंट दौड़ गया। हादसे में उनकी नातिन प्रियांशी की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में सतेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही यह जांच शुरू कर दी गई है कि ई-रिक्शा में करंट कैसे फैला और हादसे के पीछे क्या कारण रहे।
मासूम बच्ची की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
