बहराइच। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम का आयोजन ‘वन ड्रॉप ऑफ ह्यूमैनिटी’ थीम के अंतर्गत महाराजा सुहेल देव स्वाशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय, बहराइच के रक्तकोष एवं पैथोलॉजी विभाग में किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने शिविर में रक्तदान करने वाले स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके मानवीय एवं सामाजिक योगदान की सराहना की। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

रक्तदान शिविर में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय खत्री, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) एस.के. वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
