रामगांव/चित्तौरा (बहराइच)। उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा बहराइच के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने रविवार को चित्तौरा झील तट स्थित महाराजा सुहेलदेव के नवनिर्मित भव्य स्मारक स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर उनकी गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रभारी मंत्री ने विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव तथा अन्य अधिकारियों के साथ महाराजा सुहेलदेव की अश्वारोही प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री सिंह ने स्मारक स्थल एवं चित्तौरा झील के सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संकल्प से महाराजा सुहेलदेव के नाम पर यह भव्य स्मारक तैयार हुआ है। उन्होंने झील के चारों ओर पाथ-वे, बोटिंग सुविधा और अन्य पर्यटन सुविधाओं के विकास का सुझाव भी दिया।
प्रभारी मंत्री ने जनकल्याण एवं स्वास्थ्य मेले में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विकास सहित कई विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बेसिक शिक्षा विभाग चित्तौरा द्वारा लगाए गए स्टाल का उन्होंने विशेष रूप से बारीकी से निरीक्षण किया तथा एआरपी सुरेश कुमार यादव से विभिन्न बिंदुओं पर संवाद कर विभाग की कार्यप्रणाली की सराहना की।
उन्होंने स्मारक निर्माण में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अनुराग कुमार मिश्र, एआरपी श्रवण कुमार मिश्र, जितेंद्र राय, हरिओम मिश्र, सुरेश कुमार यादव, मनोज कुमार श्रीवास्तव, गुंजा श्रीवास्तव, अनीशा बानो, सुभाष चंद्र विश्वास, नायब तहसीलदार सुरेंद्र यादव, पी.पी. गिरी, राजस्व निरीक्षक राम सजीवन पांडेय, सुनील कुमार सिंह, अमर सिंह, लेखपाल जितेंद्र मिश्र, कुबेर नाथ चौरसिया सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
