रांची, 15 जून 2026। एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सीबीएसई की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया।

विद्यालय की 10वीं कक्षा की टॉपर सारिया परवीन, 12वीं आर्ट्स की टॉपर हर्षिता चंद्रा, कॉमर्स की टॉपर सुहानी कुमारी तथा साइंस के टॉपर अरु रंजन को विशेष सम्मान स्वरूप एलईडी स्मार्ट टीवी भेंट किया गया। वहीं अन्य सफल विद्यार्थियों को प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में लेदर बैग प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। सम्मान प्राप्त करने वाले छात्रों ने अपनी सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार जताया।
विद्यालय के प्राचार्य शादान आलम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन ने न केवल उन्हें सफलता दिलाई है, बल्कि विद्यालय का नाम भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा तथा उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
विद्यालय के निदेशक कुणाल कश्यप ने कहा कि एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल हमेशा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह छात्रों को नई ऊँचाइयों तक पहुंचने और अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि आगे और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय द्वारा मिली यह सराहना उनकी उपलब्धियों को और भी विशेष बना देती है।
समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं और उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना के साथ हुआ।
