बहराइच पुलिस की प्रभावी विवेचना से हत्या का मामला निकला झूठा, संदिग्ध मृतका सकुशल बरामद

बहराइच, 15 जून। बहराइच पुलिस की प्रभावी विवेचना और तकनीकी जांच के चलते हत्या के एक चर्चित मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। थाना रिसिया क्षेत्र में हत्या की शिकार बताई गई महिला को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है, जिससे हत्या किए जाने की आशंका पूरी तरह निराधार साबित हुई है।

पुलिस अधीक्षक बहराइच  विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह एवं क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रिसिया करुणाकर पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।

जानकारी के अनुसार माननीय न्यायालय के आदेश पर 17 अप्रैल 2026 को थाना रिसिया में मुकदमा संख्या 83/26 धारा 103(1) व 238 बीएनएस के तहत गणेश पुत्र मुनीजर निवासी ग्राम जुनैठा दाखिला पटना घोशियारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता कलावती ने आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री गुंजाना की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमितेंद्र सिंह को सौंपी गई। जांच के दौरान पता चला कि गुंजाना का विवाह करीब दस वर्ष पूर्व गणेश से हुआ था। लगभग डेढ़ वर्ष पहले दोनों रोजगार की तलाश में पंजाब के कपूरथला गए थे, जहां से 27 जुलाई 2025 को गुंजाना बिना किसी को बताए कहीं चली गई थी। इस संबंध में उसके पति द्वारा थाना सिटी कपूरथला में गुमशुदगी संबंधी प्रार्थना पत्र भी दिया गया था।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों एवं अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद 13 जून 2026 को गुंजाना को सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार गुंजाना जीवित एवं सुरक्षित है, जिससे हत्या किए जाने संबंधी सभी कयासों का खंडन हो गया है। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमितेंद्र सिंह, कांस्टेबल राम किशोर तथा महिला आरक्षी स्मिता सैनी शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *