डीएम और एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश


बहराइच, 20 जून। जनपद के सभी तहसील मुख्यालयों पर शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से की।


सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान पहुंचे फरियादियों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कर विधिक कार्रवाई के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निस्तारित प्रार्थना पत्रों की आख्या समय से उपलब्ध कराने को भी कहा गया।


अधिकारियों ने कुछ जटिल मामलों के त्वरित समाधान के लिए विशेष टीमों का गठन कर उन्हें मौके पर जांच एवं निस्तारण हेतु रवाना किया। अधिकारियों ने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है।


इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित राजस्व एवं प्रशासनिक विभागों के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *