रांची, 20 जून। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू के खिलाफ राजद नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक हताशा में एक सम्मानित दलित नेतृत्व को निशाना बनाना केवल व्यक्तिगत हमला नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की विचारधारा और दलित समाज के सम्मान पर भी आघात है।

नायक ने कहा कि के. राजू कोई सामान्य राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं हैं, बल्कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक सम्मानित, ईमानदार और जनपक्षधर अधिकारी रहे हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक जीवन में ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, पारदर्शिता, शिक्षा और गरीबों के अधिकारों के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे संविधान और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को कांग्रेस के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज से आने वाले के. राजू ने संघर्ष, प्रतिभा और ईमानदारी के बल पर राष्ट्रीय पहचान बनाई है। कांग्रेस नेतृत्व ने उनके प्रशासनिक अनुभव, स्वच्छ छवि और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए झारखंड जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रदेश प्रवक्ता ने दावा किया कि मनरेगा, सूचना का अधिकार (आरटीआई), शिक्षा का अधिकार (आरटीई) और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून जैसी ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजनाओं और कानूनों के नीति-निर्माण की प्रक्रिया में के. राजू का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनसेवी व्यक्तित्व पर बिना किसी प्रमाण के आरोप लगाना राजनीतिक दिवालियापन और हताशा का प्रमाण है।
नायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्पष्ट करना चाहती है कि झारखंड में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा इंडिया गठबंधन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए के. राजू लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके खिलाफ व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणियां कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा विशेष रूप से दलित समाज की भावनाओं का अपमान हैं।
उन्होंने राजद नेताओं को आत्ममंथन की सलाह देते हुए कहा कि उन्हें यह विचार करना चाहिए कि झारखंड में उनका संगठन लगातार कमजोर क्यों हुआ और जनता का विश्वास क्यों कम हुआ। कांग्रेस ने राजद के केंद्रीय नेतृत्व से अपने नेताओं को संयमित भाषा का प्रयोग करने और गठबंधन धर्म का पालन करने का निर्देश देने की मांग की है।
नायक ने कहा कि कांग्रेस सेवा, संघर्ष, संविधान और सामाजिक न्याय की राजनीति में विश्वास करती है। निराधार आरोपों, व्यक्तिगत हमलों और राजनीतिक दुष्प्रचार से न तो सत्य बदलेगा और न ही कांग्रेस का संकल्प कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं की ताकत, जनता के विश्वास और संविधान के मूल्यों के साथ मजबूती से खड़ी है।
