ट्रांसफार्मर के नीचे पड़े सूखे कूड़े में लगी आग, बड़ा हादसा टला


अलीगंज एटा
नगला पड़ाव में मचा हड़कंप, बिजली विभाग ने नगर पालिका को भेजा पत्र अलीगंज क्षेत्र के नगला पड़ाव में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब 250 केवीए क्षमता के विद्युत ट्रांसफार्मर के नीचे पड़े सूखे कूड़े में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी बताया जा रहा है।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर के नीचे लंबे समय से सूखा कूड़ा जमा था। दोपहर के समय ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी सूखे कूड़े पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोग मौके पर एकत्र हो गए।

कुछ लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, जबकि अन्य ने तत्काल फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। यदि आग ट्रांसफार्मर तक पहुंच जाती तो विद्युत आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ आसपास की संपत्तियों को भी नुकसान पहुंच सकता था। घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से ट्रांसफार्मरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा कूड़ा न डालने की अपील की।

अधिकारियों ने कहा कि विद्युत उपकरणों के पास ज्वलनशील सामग्री का जमा होना हमेशा खतरे का कारण बन सकता है। बिजली विभाग ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं ट्रांसफार्मरों के आसपास कूड़ा जमा दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, जिससे समय रहते उसे हटाया जा सके और किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।


एसडीओ अतुल कुमार ने बताया कि इस संबंध में नगर पालिका को पत्र भेजा गया है। पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि किसी भी विद्युत ट्रांसफार्मर के नीचे अथवा उसके आसपास कूड़ा न डाला जाए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मरों के पास सूखा कूड़ा, प्लास्टिक अथवा अन्य ज्वलनशील सामग्री जमा होने से आग लगने की आशंका बनी रहती है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *