मुहर्रम को लेकर विद्युत विभाग सतर्क, ताजिया मार्गों के खंभों पर चढ़ाई सुरक्षा पन्नी


करंट जैसी दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए इंतजाम, निर्धारित ऊंचाई में ही ताजिया रखने की अपील


अलीगंज मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए विद्युत विभाग द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में अलीगंज क्षेत्र के उन मार्गों पर, जहां से ताजिया जुलूस गुजरता है, विद्युत खंभों पर सुरक्षा के दृष्टिगत पॉलीथीन शीट चढ़ाने का कार्य किया गया। विभाग की इस पहल का उद्देश्य जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना अथवा करंट लगने की आशंका को समाप्त करना है।

विद्युत विभाग की टीम ने नगर के मोहल्ला काजी, मैन मार्केट, मेवतियां मोहल्ला, मोहल्ला राधा कृष्ण तथा कुचादायम खां सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में विद्युत पोलों पर सुरक्षा पन्नी लगाई। विभागीय कर्मचारियों ने पूरे मार्ग का निरीक्षण कर ऐसे स्थानों को चिन्हित किया, जहां ताजिया जुलूस के दौरान अधिक भीड़ रहती है या विद्युत लाइनों एवं खंभों के निकट से जुलूस गुजरता है।

मुहर्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ताजिया जुलूस में शामिल होते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के लिए प्रशासन एवं विद्युत विभाग द्वारा पहले से ही सुरक्षा संबंधी तैयारियां की जा रही हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और जुलूस मार्गों की लगातार निगरानी भी की जाएगी। एसडीओ अतुल कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों एवं तय सीमा के भीतर ही रखी जाए।

निर्धारित ऊंचाई से अधिक ताजिया होने पर विद्युत लाइनों के संपर्क में आने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए ताजिया मार्गों पर स्थित सभी विद्युत खंभों पर पन्नी चढ़ाई गई है, ताकि किसी भी प्रकार से करंट प्रवाहित होने अथवा लोगों को बिजली संबंधी खतरे का सामना न करना पड़े साथ ही उन्होंने ताजिया समितियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन करें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दें।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *