एसडीएम के हस्तक्षेप से चकमार्ग का सीमांकन पूरा, वर्षों पुराना विवाद सुलझा


देवतरा गांव में राजस्व अभिलेखों में दर्ज चकमार्ग का प्रशासन ने कराया सीमांकन


अलीगंज। जनपद एटा के विकासखंड अलीगंज अंतर्गत ग्राम देवतरा में गाटा संख्या 629, जो राजस्व अभिलेखों में चकमार्ग के रूप में दर्ज है, का सीमांकन प्रशासन की निगरानी में सफलतापूर्वक पूरा कराया गया। लंबे समय से विवादित चल रहे इस चकमार्ग का सीमांकन पूर्व में कई बार किया जा चुका था, लेकिन गांव के आपसी विवाद के चलते कार्रवाई बार-बार बाधित हो जाती थी।


ग्रामीणों द्वारा विरोध के दौरान महिलाओं को आगे कर प्रशासनिक कार्रवाई रोकने का प्रयास किया जाता था, जिससे सीमांकन का कार्य अधूरा रह जाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी अलीगंज ने संज्ञान लिया और राजस्व व पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई के निर्देश दिए।


एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार हिमांशु पांडेय की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर चकमार्ग का सीमांकन कराया। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक रतनवीर सिंह, संबंधित क्षेत्र के लेखपाल एवं अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे।


भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई कार्रवाई
सीमांकन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना जसरथपुर के थानाध्यक्ष विजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की सतर्कता और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजस्व अभिलेखों में दर्ज सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक हित से जुड़े मामलों में प्रशासन आगे भी नियमानुसार कार्रवाई करता रहेगा।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *