
संतकबीरनगर ।पल्स पोलियो अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद से जनपद स्तरीय जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्कूली बच्चों ने बैंड-बाजे के साथ लोगों को पोलियो की दो बूंद पिलाने के लिए जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसहभागिता से ही पोलियो जैसी बीमारी का उन्मूलन संभव हुआ है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 28 जून को आयोजित बूथ दिवस पर 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 3,11,141 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए नौ विकास खंडों में 858 बूथ बनाए गए हैं। 29 जून से 3 जुलाई तक 489 हाउस-टू-हाउस, 28 ट्रांजिट और 13 मोबाइल टीमें छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने अभियान के दौरान कोल्ड चेन व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
