बहराइच। जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत शनिवार देर रात पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पहले थाना रामगांव क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद दूसरी मुठभेड़ थाना कैसरगंज क्षेत्र में हुई, जिसमें 50 हजार रुपये का इनामी और थाना बौंडी का हिस्ट्रीशीटर बदमाश मुल्कराज पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम तथा संबंधित थानों की पुलिस लगातार अभियान चला रही थी।
पुलिस के अनुसार, 25 जून को थाना बौंडी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में अपराधी असलम गिरफ्तार हुआ था, जबकि उसके दो साथी फिरोज और मुल्कराज फरार हो गए थे। मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच स्वाट टीम और थाना रामगांव पुलिस ने अकिलापुर चौराहे के पास दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फिरोज पुत्र फौजदार, निवासी ग्राम मुड़कटी थाना बौंडी, के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मुल्कराज मौके से भाग निकला।
इसके बाद फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीमों ने कांबिंग शुरू की। इसी दौरान थाना कैसरगंज क्षेत्र के रुकनापुर तिराहा–करसर बिटौरा मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का आरोप है कि बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा।

घायल बदमाश की पहचान मुल्कराज पुत्र श्याम बिहारी, निवासी रायपुर भैसवा, थाना बौंडी, के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 सफेद धातु के बिछुए, 2,400 रुपये नकद, एक 315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, मुल्कराज के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में चोरी के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। वह कई मामलों में वांछित था, थाना बौंडी का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
