बहराइच: थाना रामगांव क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़, ₹50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर घायल, साथी फरार


बहराइच। जनपद में चोरी की घटनाओं के खुलासे और रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार देर रात क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और थाना रामगांव पुलिस की संयुक्त टीम की शातिर अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ₹50 हजार का इनामी और थाना बौंडी का हिस्ट्रीशीटर फिरोज बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मुल्कराज मौके से फरार हो गया।


पुलिस के अनुसार, 25 जून को थाना बौंडी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद फरार हुए दो अपराधियों के भकला गोपालपुर की ओर आने की सूचना मिली थी। इस पर संयुक्त पुलिस टीम ने अकिलापुर चौराहे से भकला गोपालपुर मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें फिरोज के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका साथी मुल्कराज मोटरसाइकिल से फरार हो गया।


घायल आरोपी की तलाशी में ₹2,040 नकद, पीली धातु के दो झाले, दो मोबाइल फोन, एक 315 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।


पुलिस के मुताबिक फिरोज निवासी ग्राम मुड़कटी, थाना बौंडी है। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में चोरी के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। वह कई मामलों में वांछित था, थाना बौंडी का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर ₹50 हजार का इनाम घोषित था।


घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फरार आरोपी मुल्कराज की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *