
संतकबीरनगर। बेलहर कला थाना क्षेत्र में रविवार को एक 17 वर्षीय किशोरी का शव सागौन के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत बेलहर कला के वार्ड नंबर-3 भिटरी टोला निवासी चांदनी (17) पुत्री आमिका गौतम शनिवार देर रात घर से लापता हो गई थी। रविवार सुबह उसका शव बेलहर खुर्द क्षेत्र में एक सागौन के पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना पर बेलहर कला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है।
