बहराइच महसी ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, समय रहते बिजली कटने से टला बड़ा खतरा

जिला संवाददाता आकाश मिश्र बहराइच

बहराइच। महसी पावर हाउस के अंतर्गत राजी चौराहा फीडर के बंशपुरवा गांव में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव में लगा बिजली का ट्रांसफार्मर अचानक तकनीकी खराबी के चलते भीषण आग की चपेट में आ गया।

देखते ही देखते ट्रांसफार्मर आग के गोले में तब्दील हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।रात के अंधेरे में ट्रांसफार्मर से उठती तेज लपटों और धमाकों की आवाज सुनकर ग्रामीण दहशत में आ गए और आनन-फानन में घरों से बाहर निकल आए। आग की भयावहता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी।

सतर्कता बरतते हुए विभाग ने तत्काल पावर सप्लाई बंद कर दी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति या पशु इसकी चपेट में नहीं आया और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, शॉर्ट सर्किट या ओवरलोडिंग के कारण यह हादसा हो सकता है। फिलहाल बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने समय रहते बिजली आपूर्ति बंद करने पर राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *