चेकिंग अभियान मे 70 हजार रुपये का लगाया जुर्माना; 15 जुलाई तक जारी रहेगा विशेष अभियान

अलीगंज। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एआरटीओ शिवम् कुमार के नेतृत्व में बुधवार को अलीगंज क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अलीगंज रोड, एटा रोड, कायमगंज रोड तथा मैनपुरी रोड पर वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर एक सीमेंट से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा एक मानकविहीन स्कूली बस के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया।

एआरटीओ शिवम् कुमार ने चेकिंग के दौरान टीम के साथ वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र तथा अन्य आवश्यक मानकों की जांच की। जांच में सीमेंट से लदा ट्रैक्टर निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर संचालित होता मिला, जबकि स्कूली बस में आवश्यक सुरक्षा मानकों और परिवहन विभाग के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।
इसके बाद दोनों वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के उपरांत सीज किए गए दोनों वाहनों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए थाना अलीगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी कर वाहन संचालित करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। कई वाहन चालक जांच अभियान को देखते हुए अपने दस्तावेज दुरुस्त कराने में जुटे दिखाई दिए।
एआरटीओ शिवम् कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में यह विशेष प्रवर्तन अभियान 1 जुलाई से 15 जुलाई तक लगातार संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, बिना परमिट, बिना फिटनेस, बिना बीमा, मानकविहीन स्कूली वाहन, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट की अनदेखी तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने वाहनों के आवश् यक दस्तावेज पूर्ण रखें, निर्धारित मानकों का पालन करें तथा यातायात नियमों का ईमानदारी से अनुपालन करें। नियमों का पालन करने से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि अनावश्यक जुर्माने और कानूनी कार्रवाई से भी बचा जा सकेगा। परिवहन विभाग का यह अभियान आगामी 15 जुलाई तक लगातार जारी रहेगा।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
