नवनीत कुमार सिंह,मोतिहारी
हरसिद्धि स्थानीय पुलिस ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धर-पकड़ को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, हरसिद्धि थाना अध्यक्ष सुनील कुमार के विशेष निर्देश पर थाना क्षेत्र के विभिन्न रणनीतिक मोर्चों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे तेज़-तर्रार सब-इंस्पेक्टर अंकित कुमार ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया।
पुलिस को देखकर बाइक सवार ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जब पुलिस टीम द्वारा उक्त मोटरसाइकिल के वैध कागजातों की मांग की गई, तो चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
कड़ाई से पूछताछ करने पर यह बात सामने आई कि उक्त बाइक चोरी की है।थाना अध्यक्ष ने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है और आरोपी बीरबल प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
