
बहराइच। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में संचालित परिवार परामर्श केंद्र ने एक और परिवार को टूटने से बचाते हुए पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद का सफलतापूर्वक निस्तारण कराया। दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने और भविष्य में विवाद न करने का संकल्प लिया।
जानकारी के अनुसार, एक महिला ने पारिवारिक विवाद के समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक से प्रार्थना पत्र देकर हस्तक्षेप की मांग की थी। इसके बाद मामले को परिवार परामर्श केंद्र भेजा गया। केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों को पुलिस कार्यालय स्थित परिवार परामर्श केंद्र बुलाकर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और समझाइश दी।
काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने पर राजी हो गए।
उन्होंने भविष्य में एक-दूसरे के प्रति सम्मान बनाए रखने, पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और खुशी-खुशी साथ रहने का भरोसा दिया। इसके बाद परिवार परामर्श केंद्र ने दोनों को सामंजस्य बनाकर पारिवारिक जीवन व्यतीत करने की सलाह देते हुए समझौता करा दिया।
समझौता कराने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमाशंकर मिश्रा, महिला उपनिरीक्षक गीता यादव, महिला आरक्षी निशी त्रिवेदी, गिरजावती यादव एवं छाया द्विवेदी शामिल रहीं।
