प्रतिष्ठान पर दस्तावेजों और स्टॉक का मिलान, कार्रवाई से व्यापारिक गतिविधियां रहीं प्रभावित
दिलीप सिंह अलीगंज एटा
अलीगंज। अलीगंज क्षेत्र के कायमगंज रोड स्थित एक तंबाकू गोदाम पर शुक्रवार को जीएसटी विभाग की टीम ने औचक जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने गोदाम में उपलब्ध माल, खरीद-बिक्री के अभिलेख और कर संबंधी दस्तावेजों का मिलान किया। टीम के पहुंचते ही क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हलचल बढ़ गई और पूरे दिन बाजार में इसी कार्रवाई की चर्चा होती रही।

जानकारी के अनुसार अलीगढ़ से आई जीएसटी टीम ने सुबह गोदाम पहुंचकर जांच शुरू की। टीम का नेतृत्व डीसी जीएसटी नीरज प्रकाश कर रहे थे। उनके साथ अधिकारी अभिषेक प्रताप सिंह सहित विभागीय कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने गोदाम में रखे तंबाकू के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया और जीएसटी रिटर्न, टैक्स रिकॉर्ड, बिल, ई-वे बिल तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का बारीकी से परीक्षण किया।
जांच की सूचना मिलते ही तंबाकू कारोबार से जुड़े व्यापारियों में सतर्कता बढ़ गई। कई प्रतिष्ठानों पर कारोबार सामान्य दिनों की तुलना में धीमा दिखाई दिया, जबकि कुछ व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। इससे बाजार में कुछ समय के लिए हड़ताल जैसे हालात बन गए और व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर देखने को मिला।

विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई नियमित कर सत्यापन प्रक्रिया का हिस्सा है। फिलहाल जांच जारी है और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही यह तय होगा कि किसी प्रकार की कर संबंधी अनियमितता हुई है या नहीं। यदि जांच में कोई विसंगति सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक जीएसटी विभाग की टीम गोदाम परिसर में मौजूद थी और जांच की प्रक्रिया जारी थी।

