सड़क के गड्ढे बने जानलेवा, बचाने के प्रयास में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें; चार घायल, तीन रेफर

दिलीप सिंह अलीगंज एटा


दिल्ली से घर लौट रहा युवक भी हादसे का शिकार, एक बाइक पर तीन लोग थे सवार; सीएचसी अलीगंज में प्राथमिक उपचार के बाद तीन की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर भेजा गया


अलीगंज/जैथरा (एटा)। जैथरा थाना क्षेत्र के मोर्चा के पास अलीगंज एटा मार्ग पर रविवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। गड्ढा बचाने के प्रयास में दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं।

हादसे में दोनों पक्षों के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।


जानकारी के अनुसार प्रथम पक्ष के घायल अनुराग पुत्र रामवीर, निवासी जसूपुर, थाना राजेपुर, जनपद फर्रुखाबाद हैं। अनुराग दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जैथरा क्षेत्र में उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।


दूसरे पक्ष में नेम सिंह (50) पुत्र पुत्तूलाल, निवासी दौदगंज, थाना अलीगंज, अपने पुत्र रजनेश (22) तथा पुत्री सुमन (19) के साथ अलीगंज से जैथरा के कल्याणपुरा की ओर जा रहे थे। दुर्घटना में तीनों घायल हो गए। सीएचसी अलीगंज में उपचार के बाद अनुराग, नेम सिंह और सुमन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि रजनेश का उपचार सीएचसी पर किया गया।


सीएचसी अलीगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि एंबुलेंस की सहायता से चारों घायलों को अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। जांच में तीन घायलों की हालत गंभीर मिलने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया।


मामले में जैथरा थानाध्यक्ष सुनील वर्मा ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर सड़क में काफी गहरे गड्ढे हैं। गड्ढा बचाने के प्रयास में दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं। एक बाइक पर तीन लोग सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर केवल एक व्यक्ति सवार था। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद करते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की प्रमुख वजह सड़क पर बने गहरे गड्ढे सामने आए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *