दबंगों ने प्रशासन को दी खुली चुनौती, जेसीबी कब्जे में, ट्रैक्टर-ट्रॉली फरार; एसपी को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग

गोण्डा। अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे जिला खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन की जान उस समय खतरे में पड़ गई, जब जेसीबी चालक मशीन लेकर भाग निकला और अधिकारी उसे रोकने के प्रयास में करीब दो किलोमीटर तक चलती जेसीबी के गेट पर लटके रहे। घटना शुक्रवार तड़के करीब दो बजे कर्नलगंज क्षेत्र के राजपुर गांव की बताई जा रही है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात जिला खनन अधिकारी को सूचना मिली कि करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के राजपुर गांव में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से करीब दो बीघा भूमि से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। सूचना पर पहुंची खनन विभाग की टीम ने मौके से एक जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर बालपुर पुलिस चौकी पर खड़ा कराया।

आरोप है कि चौकी पर खड़ी जेसीबी का चालक मौका पाकर मशीन लेकर फरार होने लगा। उसे रोकने के प्रयास में जिला खनन अधिकारी चलती जेसीबी के गेट पर चढ़ गए और लगभग दो किलोमीटर तक लटके रहे। बालपुर में लोगों की भीड़ जुटने पर चालक जेसीबी छोड़कर मौके से फरार हो गया। बाद में जेसीबी को कर्नलगंज कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन सहित फरार होने में सफल रहा।
घटना के बाद जिला खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन ने पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को पत्र भेजकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि अवैध खनन से संबंधित भूमि की भी जांच कराई जा रही है।
कर्नलगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि जेसीबी को कब्जे में ले लिया गया है। खनन विभाग की तहरीर और रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
यह घटना अवैध खनन माफिया के बढ़ते दुस्साहस और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
