नानपारा में बिजली तार चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली; पांच गिरफ्तार

बहराइच। थाना नानपारा क्षेत्र में बिजली के तार चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं गिरोह का एक अन्य सदस्य मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, नानपारा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली तार चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की एसओजी और थाना नानपारा पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं। बीती रात चोरों द्वारा क्षेत्र में बिजली के तार काटे जाने के संबंध में थाना नानपारा में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसी क्रम में 8 अगस्त 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बिजली तार चोरी करने वाला गिरोह चोरी के माल को ठिकाने लगाने और एक अन्य वारदात को अंजाम देने के प्रयास में हाड़ा बसेड़ी के पास सरयू नहर की पटरी पर मौजूद है। सूचना पर नानपारा पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने घायल आरोपी समेत उसके चार अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल आरोपी की पहचान कदीर पुत्र शफीक निवासी सिद्दबही, थाना माती, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके आपराधिक इतिहास में हत्या समेत कई मुकदमे सामने आए हैं। वहीं गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान कृष्णा कुमार, कुलदीप गुप्ता, हरेन्द्र गुप्ता और उदयराज चौहान, सभी निवासी खारोह, थाना रेउसा, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मारुति ईको कार, चोरी कर काटे गए बिजली के तारों के कई बंडल तथा तार काटने के उपकरण बरामद किए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बहराइच समेत अन्य अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *