निर्माण कार्य गिराने का विरोध करने पर पति और जेठ से मारपीट, महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
अलीगंज क्षेत्र के कैल्ठा गांव में जमीन के विवाद को लेकर प्लॉट पर सो रहे युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की पत्नी रूबी पत्नी रामशंकर की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तहरीर में आरोपियों पर एकराय होकर गाली-गलौज करने, निर्माण कार्य गिराने तथा विरोध करने पर पति और जेठ के साथ लाठी-डंडों, लात-घूंसों और ईंट-पत्थरों से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।कैल्ठा निवासी रूबी ने बताया कि उसके प्लॉट में मकान निर्माण का कार्य चल रहा है। रविवार तड़के करीब तीन बजे वह अपने पति रामशंकर और जेठ जगवीर के साथ प्लॉट पर मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के रामरहीश, आदेश, धर्मेंद्र, राघवेंद्र, बालेंद्र पुत्रगण अंगद सिंह, भूपेंद्र पुत्र पप्पू निवासी अल्लादासपुर थाना कायमगंज, फर्रुखाबाद तथा कमला देवी पत्नी अंगद सिंह, पिंकी पुत्री अंगद सिंह और अनीता देवी पत्नी रामरहीश वहां पहुंच गए। सभी ने एकराय होकर निर्माण कार्य को लेकर गाली-गलौज करने लगे और नाजायज असलाह के बल पर निर्माण कार्य गिरा दिया।

आरोप है कि पति रामशंकर और जेठ जगवीर ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। लाठी-डंडों, लात-घूंसों और ईंट-पत्थरों से हमला कर रामशंकर को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
घटना के बाद घायल रामशंकर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले जाया गया। महिला ने पुलिस से तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रकरण जमीन और निर्माण कार्य से जुड़े विवाद का है। मामले में घटनास्थल, चोटों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
