आइस चिलर प्लांट में करंट लगने से ऑपरेटर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अलीगंज। थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम उभई असद नगर स्थित मां वैष्णो आइस चिलर प्लांट में बीती रात करंट लगने से 40 वर्षीय ऑपरेटर सुधीर कुमार पुत्र नेपाल सिंह की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। परिजन व प्लांट संचालक आनन-फानन में सुधीर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्लांट मालिक अजीत प्रताप सिंह उर्फ कमले ने बताया कि रात करीब एक बजे उन्हें सूचना मिली कि ऑपरेटर सुधीर कुमार को अचानक करंट लग गया है। सूचना मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल सुधीर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सुधीर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के छह बेटियां और एक बेटा है। पिता की मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना पर नयागांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *