नवनीत कुमार सिंह, मोतिहारी
मोतिहारी/पहाड़पुर। पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना अध्यक्ष अजय कुमार के निर्देशानुसार गुप्त सूचना के आधार पर अपर थाना अध्यक्ष अमित कुमार रंजन के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए बतरौलिया गांव एवं सटहा कचहरी टोला से दो संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस द्वारा दोनों मोटरसाइकिलों की एच एच डी मशीन से जांच की गई। जांच के दौरान मोटरसाइकिलों के चेसिस नंबर एवं रजिस्ट्रेशन नंबर में भिन्नता पाई गई। गहन जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि दोनों मोटरसाइकिल चोरी की हैं।इसके बाद पहाड़पुर पुलिस ने दोनों वाहनों को विधिवत जप्त कर लिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की मोटरसाइकिलें कहां से लाई गई थीं और इस गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं।पहाड़पुर पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है। थाना अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि अपराध एवं वाहन चोरी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
