नवनीत कुमार सिंह, मोतिहारी
मोतिहारी/अरेराज। सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर बिहार की काशी नगरी के नाम से प्रसिद्ध बाबा सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर, अरेराज में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। लाखों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की।

मंदिर परिसर और आसपास का पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, मुख्य मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

अरेराज डीएसपी रवि कुमार एवं थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। दोनों अधिकारी स्वयं मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं तथा पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। प्रशासन की मुस्तैदी के कारण श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर अरेराज में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। दूर-दराज के जिलों एवं पड़ोसी राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा सोमेश्वरनाथ के दरबार में मत्था टेककर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
