मृतक-डुप्लीकेट व स्थानांतरित मतदाताओं के नाम होंगे सूची से बाहर, 18-19 साल के युवाओं को जोड़ने पर विशेष जोर

अलीगंज।मतदाता सूची को लेकर प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। सूची में दर्ज हर नाम की हकीकत परखी जाएगी और घर-घर दस्तक देकर सत्यापन कराया जाएगा। पात्र व्यक्ति का नाम सूची से छूटने पर जहां उसे तत्काल जोड़ने की प्रक्रिया होगी, वहीं मृतक, स्थानांतरित, अपात्र और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मतदाताओं की प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जाएगा। मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए मंगलवार को नवीन तहसील सभागार में बीएलओ की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डॉ. शशि शेखर ने की।
एसडीएम डॉ शशि शेखर ने बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन नामावली के सत्यापन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक मतदान क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाए। खास तौर पर ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान की जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। 18 से 19 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

सत्यापन के दौरान महिला-पुरुष मतदाता अनुपात, दिव्यांग मतदाता और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की भी जांच होगी। तृतीय लिंग के मतदाताओं का सत्यापन करने के साथ डुप्लीकेट नामों की पहचान की जाएगी। नाम, पिता या पति का नाम, लिंग, जन्मतिथि और मकान संख्या जैसी प्रविष्टियों में लॉजिकल एरर मिलने पर फार्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जाएगा।
इसके अलावा मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मतदाताओं का सत्यापन कर उन्हें सूची से अलग करने की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देश दिए कि पूरा अभियान निष्पक्षता, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संचालित किया जाए।

निर्वाचन कार्यालय के आदेश के अनुसार अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के 439 मतदान स्थलों के बीएलओ की बैठक दो चरणों में होगी। एक से 200 तक मतदान स्थलों के बीएलओ की बैठक एक सितंबर तथा 201 से 439 तक की बैठक दो सितंबर को निर्धारित है। संबंधित बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। बैठक में एबीएसए जैथरा मुकेश कुमार, एबीएसए अलीगंज विनोद कुमार, नायब तहसीलदार हिमांशु पांडे, नायब तहसीलदार वरुण कुमार सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और बीएलओ मौजूद रहे।
दिलीप सिंह अलीगज एटा
