25 सितंबर से 24 घंटे गूंजेगा श्री दुर्गा चालीसा का अखंड स्वर

संवाददाता कानपुर नगर
बिल्हौर, कानपुर नगर। धर्म, राष्ट्र एवं मानवता की सेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार करने के उद्देश्य से भगवती मानव कल्याण संगठन शाखा बिल्हौर के तत्वावधान में 24 घंटे का जिलास्तरीय अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ आयोजित किया जा रहा है।
धर्मसम्राट् युगचेतनापुरुष परमहंस योगीराज श्री शक्तिपुत्र जी महाराज की प्रेरणा एवं निर्देशन में आयोजित यह विराट आध्यात्मिक अनुष्ठान 25 सितंबर शुक्रवार दोपहर 12 बजे से 26 सितंबर शनिवार दोपहर 12 बजे तक रामकृष्ण पैलेस, ककवन रोड, बिल्हौर में अनवरत चलेगा।
इस दिव्य आयोजन में 24 घंटे तक मां भगवती की आराधना, श्री दुर्गा चालीसा के अखंड पाठ और साधना के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत करने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य समाज में बढ़ रही अनीति, अन्याय, अधर्म एवं नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जनचेतना जागृत करना तथा विशेष रूप से युवाओं को सत्मार्ग, सदाचार, संस्कार, गौ-सेवा और मानवीय मूल्यों से जोड़ना है।
आध्यात्मिक चेतना का विराट संगम बनेगा आयोजन
आयोजकों ने इस आयोजन को आध्यात्मिक चेतना की ऐसी पावन धारा बताया है, जिसमें साधना, संस्कार और सेवा का त्रिवेणी संगम देखने को मिलेगा। उनका कहना है कि श्री दुर्गा चालीसा का यह अखंड पाठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मानव जीवन में सकारात्मक चिंतन, नैतिक संस्कार और आध्यात्मिक जागरण का संदेश लेकर आने वाला आयोजन है।
इस अवसर पर बिल्हौर के साथ-साथ कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, फतेहपुर, लखनऊ, कन्नौज, हरदोई सहित आसपास के जनपदों से भी मां भक्तों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
समापन अवसर पर सिद्धाश्रमरत्नों एवं सिद्धाश्रम चेतना की विशेष उपस्थिति
24 घंटे तक चलने वाले अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ का समापन 26 सितंबर को होगा। समापन अवसर पर भगवती मानव कल्याण संगठन की केंद्रीय अध्यक्ष शक्तिस्वरूपा बहन सिद्धाश्रमरत्न पूजा शुक्ला जी, केंद्रीय महासचिव सिद्धाश्रमरत्न श्री अजय अवस्थी जी एवं सिद्धाश्रम चेतना आरूणी जी की विशेष उपस्थिति रहेगी।
महाआरती में हुई थी आयोजन की घोषणा
इस विराट आयोजन की घोषणा विगत 6 सितंबर को शनिधाम पार्टी लॉन, बरौली रोड, बिल्हौर में आयोजित माता आदिशक्ति जगज्जननी की मासिक महाआरती के अवसर पर भगवती मानव कल्याण संगठन के केंद्रीय प्रवक्ता श्री रमेश चंद्र मिश्र द्वारा की गई थी। उन्होंने उपस्थित मां भक्तों को संबोधित करते हुए अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ के महत्व एवं आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया तथा सभी भक्तों का मार्गदर्शन किया था।
इसके पश्चात 14 सितंबर 2026 को कार्यक्रम स्थल रामकृष्ण पैलेस, बिल्हौर में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कानपुर संगठन के जिलाध्यक्ष अनूप बाजपेई एवं तीसरी धारा के जिलाध्यक्ष चंद्रेश सिंह ने की। बैठक में आयोजन की तैयारियों, प्रचार-प्रसार, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर बिल्हौर संगठन अध्यक्ष डॉ. संजय त्रिपाठी, तहसील सदर अध्यक्ष अरविंद मिश्र, जिला उपाध्यक्ष प्रयाग नारायण शुक्ला, प्रांतीय उपाध्यक्ष सुभाषचंद्र, टीम प्रमुख सत्यवती पाल, श्रवण कुमार एवं संजीव कटियार सहित सोनू तिवारी, श्रीकृष्ण त्रिपाठी, वीरसिंह पाल, सुमित श्रीवास्तव, सतीश चंद्र प्रजापति, रविशंकर गुप्ता, सर्वेश सचान, श्रीमती नीरज कटियार, शीलू कटियार, श्रीमती, मनुराधा राजपूत, सुरेंद्र प्रजापति, सुधीर शुक्ला, रामकुमार कटियार, राजेश चौरसिया, रौनक, रमन पाल, जगदीश प्रसाद, रामचंद्र यादव, श्रीकृष्ण कठेरिया, जगन्नाथ, जितेंद्र यादव, वीरेंद्र सिंह यादव, राकेश पाल, रामासरे राठौर सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नशामुक्त एवं संस्कारवान समाज का संकल्प
इस अवसर पर संगठन के तहसील अध्यक्ष डॉ. संजय त्रिपाठी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य मां भगवती की आराधना के साथ समाज में आध्यात्मिक चेतना एवं सद्भाव का विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि संगठन धर्म, राष्ट्र एवं मानवता की सेवा के उद्देश्य को लेकर निरंतर जनजागरण का कार्य कर रहा है और इस आयोजन के माध्यम से क्षेत्रवासियों को नशामुक्त, संस्कारवान एवं सदाचारी जीवन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है। क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी एवं श्रद्धालु जनों को इसमें सादर आमंत्रित किया गया है। जाति, पंथ एवं संप्रदाय से ऊपर उठकर मानवता और आध्यात्मिक चेतना के इस पावन आयोजन में सभी का स्वागत है।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ में सहभागिता करने तथा मां भगवती की आराधना एवं साधना के इस पावन अवसर के साक्षी बनने का आह्वान किया है। लाल रक्षा कवच धारण किए मां भक्त घर-घर पहुंचकर श्रद्धालुओं को आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।
