30 हजार की रिश्वत ने खोली तहसील की पोल, एसडीएम का पेशकार रंगे हाथ गिरफ्तार

आदेश कराने के नाम पर मांगी थी रकम, शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने बिछाया जाल

अलीगंज तहसील में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन अलीगढ़ की टीम ने एसडीएम के पेशकार अनूप सिंह को कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई शिकायत के आधार पर की गई। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद करने के बाद आरोपी पेशकार को हिरासत में ले लिया।

अचानक हुई कार्रवाई से तहसील परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई।जानकारी के अनुसार जैथरा थाना क्षेत्र के धरौली निवासी ज्ञान सिंह ने एंटी करप्शन अलीगढ़ टीम से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि किसी आदेश को कराने के नाम पर एसडीएम के पेशकार अनूप सिंह उससे 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जानकारी जुटाई और आरोपों की पुष्टि के लिए कार्रवाई की रणनीति तैयार की।

मंगलवार को एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और इंस्पेक्टर अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम अलीगंज तहसील पहुंची। टीम ने शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ पेशकार के पास भेजा। आसपास पहले से मौजूद टीम के सदस्यों ने पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी। आरोप है कि पेशकार ने जैसे ही शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये लिए, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ देर तक किसी को समझ नहीं आया कि आखिर मामला क्या है।

बाद में एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई की जानकारी सामने आने पर तहसील में मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और रिश्वत में लिए गए रुपयों को कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी पेशकार को अपने साथ ले गई। टीम द्वारा मामले में आवश्यक दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जाने की बात सामने आई है।

आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया में होगी।

दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *