अलीगंज। थाना जसरथपुर क्षेत्र के ग्राम नगला भोजपुर में गुरुवार को 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया है।

मृतका की पहचान शर्मिला पत्नी योगेंद्र यादव निवासी नगला भोजपुर के रूप में हुई है। शर्मिला पुत्री ग्रंथ सिंह निवासी नगला बीरबल, थाना मेरापुर की रहने वाली थी। उसकी शादी 21 जून 2021 को नगला भोजपुर निवासी योगेंद्र यादव के साथ हुई थी।
पति-पत्नी में चल रहा था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार शर्मिला और उसके पति के बीच आपसी विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार को शर्मिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अलीगंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मायके पक्ष को दी सूचना
महिला की मौत के बाद परिजन शव को अपने घर ले गए और घटना की जानकारी उसके मायके पक्ष को दी। सूचना मिलने पर मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह, नायब तहसीलदार वरुण कुमार और थाना प्रभारी सुबोध कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा
