मोतिहारी में शराब की बड़ी खेप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, संग्रामपुर पुलिस को मिली सफलता

नवनीत कुमार सिंह, मोतिहारी

मोतिहारी। संग्रामपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ दो शराब तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मोतिहारी जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे शराबबंदी अभियान के तहत की गई है।

संग्रामपुर थानाध्यक्ष नीतीश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब की बड़ी खेप उतारी गई है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने नामित ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने तस्कर अर्जुन शाह और शिवम शाह के घर पर सघन तलाशी ली।तलाशी के दौरान मौके से 118 पीस किंगफिशर बियर और 212 पीस 8PM टेट्रा पैक फ्रूटी विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों तस्कर अर्जुन शाह और शिवम शाह को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी अधिनियम के तहत दोनों तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई में जुटी है। साथ ही, जिस परिसर से शराब बरामद हुई है, उसे कानून के तहत सील करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *