कासगंज रोड पर खनन में लगे ट्रैक्टर दौड़ने का दावा, डीएम के आदेशों के पालन पर उठे सवाल

एटा। जनपद में कथित अवैध खनन को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। कोतवाली देहात क्षेत्र के कासगंज रोड स्थित लिप्टन चौकी के पास खनन में लगे ट्रैक्टरों के खुलेआम दौड़ने का दावा किया गया है।
बताया गया कि अवैध खनन की खबर प्रकाशित किए जाने के बाद कुछ दबंग लोगों द्वारा पत्रकार को फोन पर कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं, मौके पर वीडियो बनाने के दौरान भी धमकी दिए जाने का आरोप है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है।

मामले में एक काली स्कॉर्पियो और सफेद बोलेरो से करीब एक दर्जन लोगों के मौके पर पहुंचने का भी दावा किया गया है। स्कॉर्पियो पर विधायक का कथित फर्जी पास लगा होने की बात भी सामने आई है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि जिलाधिकारी द्वारा अवैध खनन पर रोक के निर्देश दिए गए हैं, तो इसके बावजूद खनन गतिविधियां कथित रूप से कैसे जारी हैं?

मामले में खनन विभाग और प्रशासन द्वारा जांच कर यह स्पष्ट किया जाना जरूरी है कि संबंधित क्षेत्रों में खनन की अनुमति है या नहीं और यदि अवैध खनन हो रहा है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है। साथ ही पत्रकार को कथित धमकी के मामले में भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग उठ रही है।
दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा
