दुर्गा पूजा को लेकर अरेराज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक संपन्न, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील

नवनीत कुमार सिंह मोतिहारी

आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव को पूर्णतः भयमुक्त, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को अरेराज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने की, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


बैठक के दौरान पर्व के दौरान सुरक्षा घेरा मजबूत करने, भीड़ प्रबंधन, यातायात सुगमता, पूजा पंडालों की सतर्क निगरानी और प्रतिमा विसर्जन जुलूस के सुचारू संचालन पर विस्तृत रणनीतिक खाका तैयार किया गया। पूजा समितियों को सख्त हिदायत देते हुए एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा ने कहा कि सभी पूजा पंडालों में तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों की चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए और अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम रखे जाएं।

उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि विसर्जन जुलूस के लिए तय मानकों, निर्धारित रूट और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा।एसडीपीओ ने कड़े शब्दों में कहा कि पर्व के दौरान साफ-सफाई, निर्बाध प्रकाश व्यवस्था, सुगम यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शांति और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की मंशा रखने वाले असमाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्ती से निपटेगी।

उन्होंने आम जनमानस से किसी भी भ्रामक अफवाह पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की त्वरित सूचना पुलिस को देने का आह्वान किया।इसके उपरांत थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी ने क्षेत्र में सघन पुलिस गश्त, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था की मुस्तैदी का ब्योरा साझा किया।इस अवसर पर नगर अध्यक्ष रंटू पांडेय, नगर उपाध्यक्ष आज़ाद मियाँ, झुना पांडेय, मनोज दुबे, सुभाष मिश्रा, प्रिंस गुप्ता सहित सभी वार्ड पार्षद एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने एकजुट होकर आपसी भाईचारा एकता और अटूट सामाजिक सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा का पर्व संपन्न कराने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *