भारत-नेपाल सीमा स्थित चेकपोस्ट का किया निरीक्षण, आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील

बहराइच। आगामी नवरात्र, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शनिवार को थाना रुपईडीहा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम, एसएसबी कमांडेंट सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और क्षेत्र के संभ्रांत लोग मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी से आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के दौरान निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं करने की हिदायत दी।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य जरूरी नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित गश्त एवं चेकिंग करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा गया।

प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से बचने की अपील की। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का भी आग्रह किया गया।
भारत-नेपाल सीमा स्थित चेकपोस्ट का निरीक्षण
पीस कमेटी की बैठक के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पैदल मार्च किया तथा भारत-नेपाल सीमा से सटे रुपईडीहा क्षेत्र स्थित चेकपोस्ट का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासन और पुलिस के अनुसार, आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और क्षेत्र में सतर्क निगरानी के आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
