
विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और एसपी संदीप कुमार मीना ने किया विधि-विधान से पूजन, आधुनिक सुविधाओं से लैस है परिसर
संतकबीरनगर। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को बेलहरकला थाने को सांथा पुलिस चौकी से नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित कर दिया गया। मेंहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने विधि-विधान से पूजन कर नए भवन में कामकाज की शुरुआत कराई। इस दौरान थाना परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।बेलहर ब्लॉक के सर्वसडाडी (पिपरा प्रथम) में स्थित नवनिर्मित थाना परिसर को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर आधारभूत संरचना के साथ तैयार किया गया है। इसमें प्रशासनिक भवन, पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय परिसर और बैरक शामिल हैं। परियोजना पर लगभग 21.30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें प्रशासनिक भवन के लिए 10.50 करोड़, आवासीय भवन के लिए 8.60 करोड़ और पुलिस बैरक के लिए 2.20 करोड़ रुपये की धनराशि शामिल है।उल्लेखनीय है कि नवनिर्मित थाना भवन का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 11 अगस्त 2026 को किया था। रविवार को विधिवत पूजन के बाद थाना परिसर को नए भवन में स्थानांतरित किया गया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन से क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाओं से पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में सहूलियत मिलेगी। इससे क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव और थानाध्यक्ष बेलहरकला सर्वेश कुमार उपस्थित रहे।इसके अलावा प्रमुख बेलहर भूपेन्द्र सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र निषाद, वरिष्ठ व्यवसायी गुड्डू चौबे, पूर्व हिंदू युवा वाहिनी अध्यक्ष टुनटुन राय, बेलहर मंडल अध्यक्ष लालबहादुर चौहान, मंडल अध्यक्ष दीपक शुक्ल, हेमंत चौधरी, राकेश चौधरी, महेंद्र राय, श्यामू मिश्र, राजू राय और कृष्ण त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
