251 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर निकाली भव्य शोभायात्रा, काली अखाड़ा और राधा-कृष्ण की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

काली माता मंदिर की 69वीं वर्षगांठ पर अलीगंज में उमड़ा आस्था का सैलाब, नौ कन्याओं का जगह-जगह हुआ पूजन; विधायक सत्यपाल सिंह राठौड़ ने किया शुभारंभ

अलीगंज। जनपद एटा के अलीगंज कस्बे में काली माता मंदिर की 69वीं वर्षगांठ गुरुवार को धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। शोभायात्रा में 251 महिलाओं और बालिकाओं ने सिर पर कलश धारण किए। कलश यात्रा और धार्मिक झांकियों के चलते पूरा कस्बा भक्तिमय नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने काली माता मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया। इसके बाद शोभायात्रा रवाना हुई। इसमें करीब एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इनमें काली अखाड़ा और राधा-कृष्ण की झांकी श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

शोभायात्रा काली माता मंदिर से शुरू होकर मुख्य बाजार, गंगा दरवाजा मोहल्ला और मातादीन चौराहा होते हुए गांधी चौराहा पहुंची। इसके बाद शोभायात्रा वापस काली माता मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में कस्बे के लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं और झांकियों का स्वागत किया।

शोभायात्रा के दौरान नौ देवी के स्वरूप में सजी नौ कन्याओं का जगह-जगह पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं के पैर पूजकर उनका आशीर्वाद लिया। वहीं कलश धारण करने वाली महिलाओं और बालिकाओं के साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने धार्मिक जयकारे लगाए, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम में भाजपा के सह संयोजक सदस्यता अभियान दिनेश चंद्र गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक, भाजपा नेता सूरज राठौर, क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य, राकेश गुप्ता और भाजपा नेता अर्जुन कश्यप सहित मंदिर कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

काली माता मंदिर की वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर कस्बे में पूरे दिन उत्साह का माहौल रहा। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *