सखैयापुरा बाजार में जोरदार विस्फोट से दहशत, प्रतिबंध के बावजूद खतरनाक पटाखों की बिक्री पर उठे सवाल
संवाददाता : आकाश मिश्र ‘ओम’,
बहराइच। दीपावली की खुशियों के बीच शहर के सखैयापुरा बाजार में पटाखे के जोरदार धमाके ने दहशत फैला दी। कोतवाली नगर क्षेत्र में हुए इस हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। अचानक हुए विस्फोट से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे।
हादसे के बाद प्रतिबंधित और खतरनाक पटाखों की बिक्री को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जब ऐसे पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध है, तो आखिर ये बाजार तक कैसे पहुंच रहे हैं? इनकी आपूर्ति कहां से हो रही है और जिम्मेदार विभागों की निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है?

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घटना में इस्तेमाल पटाखे के स्रोत की जांच कराने और अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
